होली पर रंग खेलने के दौरान किसी तरह की अनहोनी रोकने के लिए गुरुवार को राजधानी के सभी पेट्रोल पंप दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। इस दौरान आईओसी, एचपी व बीपी के किसी भी फीलिंग स्टेशन पर सुबह छह से दोपहर दो बजे तक पेट्रोल, डीजल व सीएनजी नहीं मिलेगी।
यह जानकारी लखनऊ पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के पूर्व सचिव सुधीर बोरा ने सोमवार को दी। वहीं, जिला प्रशासन ने 21 मार्च को शराब व अन्य मादक पदार्थों की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया है। डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि सभी लाइसेंसी अंग्रेजी, देसी शराब की दुकानों, मॉडल शॉप, होटल-रेस्टोरेंट बार, भांग की दुकानों को 24 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।
इसके उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त कर दुकान पर ताला लगा दिया जाएगा।