काकोरी के मेहंदी नगर गांव में खेत पर फसल देखने गए किसान लक्ष्मी नारायण पर पालतू कुत्ते ने हमला बोल दिया।
विरोध पर चिढ़े कुत्ते के मालिक व उसके दो बेटों ने किसान की पिटाई कर दी। किसान ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इंसपेक्टर रामेश्वर कुमार के मुताबिक, लक्ष्मी नारायण सुबह गांव में ही खेत पर मटर की फसल देखने गए थे।
पास में ही गांव के नन्हा व उनके बेटे संजय व अजय पालतू कुत्ते को टहला रहे थे। आरोप है कि अचानक नन्हा ने पालतू कुत्ते को छोड़ दिया। जो किसान पर हमलावर हो गया।
किसान ने किसी तरह बचाव किया और विरोध जताया। इस पर नन्हा व उसके बेटों ने लाठी-डंडों से किसान की पिटाई कर दी।
इससे किसान के बाएं हाथ व शरीर पर चोटें आई हैं। किसान ने मामले की शिकायत काकोरी पुलिस से की। पुलिस ने किसान की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।