सपा सरकार नए साल में मजदूरों को पेंशन योजना का तोहफा देगी। तीन साल से पंजीकृत और 60 साल की उम्र पूरी करने वाले मजदूरों को प्रतिमाह एक हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। इस योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करेंगे। कुछ पुरानी योजनाओं में बदलाव और कुछ नई स्कीम लाने की भी तैयारी है।
श्रम विभाग मजदूरों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रहा है। इनका लाभ भवन एवं सन्निर्माण कल्याण बोर्ड में पंजीकृत मजदूरों को मिलता है। छह माह से पंजीकृत सभी श्रमिकों को साइकिलें दी जा रही हैं। मातृत्व एवं शिशु हित लाभ योजनाएं भी चल रही हैं।
निर्माण कामगारों की मृत्यु पर एकमुश्त पांच लाख रुपये की मदद की व्यवस्था है। लड़की पैदा होने पर उसके नाम पर 20 हजार रुपये की एफडी के साथ ही पुत्री के विवाह के लिए 40 हजार और एक बार आवास बनाने के लिए एक लाख रुपये की मदद दी जा रही है।
मेधावी छात्र पुरस्कार व गंभीर बीमारी के इलाज के लिएसहायता समेत करीब डेढ़ दर्जन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पेंशन योजना लंबे समय से प्रस्तावित है। अब इसे अमली रूप दिया जाएगा।