सॉफ्टवेयर की मदद से तत्काल कोटे के टिकट बनाने वाले दो दलाल गुरुवार को आरपीएफ की सीआईबी (सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो) के हत्थे चढ़ गए। इनसे 12.88 लाख रुपये के 713 टिकट बरामद किए गए हैं। दलाल लंबे समय से ट्रेवल एजेंसी की आड़ में खेल कर रहे थे। दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीआईबी के प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि ट्रेवल जोन एजेंसी संचालक आशियाना का अमित मिश्र और चौक के एसके ट्रेवल्स का संचालक सीतापुर का राकेश यादव महंगे दाम पर तत्काल टिकट दिलाने को प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करते थे।
इसकी सूचना पर पूर्वोत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर अतुल कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अमित कुमार मिश्र के निर्देशन में दोनों एजेंसियों पर छापा मारा गया। एसआईबी की टीम के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। अमित और राकेश को हिरासत में ले लिया गया।
ट्रैवल जोन एजेंसी से 11,71,670 रुपये के 642 टिकट, चार पासबुक, छह एटीएम कार्ड, कई चेक, कंप्यूटर व अन्य सामान के साथ 2010 रुपये बरामद हुए। एसके ट्रैवल्स से 1,16,505 रुपये के 71 टिकट, एटीएम कार्ड, कंप्यूटर, प्रिंटर, मॉनीटर व 1570 रुपये नकद मिले। एसआईबी की टीम में कैलाश प्रसाद, अनिरुद्ध चंद्र शर्मा, कौशल शुक्ल, गोविंद प्रसाद, अरविंद चंद्र, राकेश दुबे थे।