रमजान के मुकद्दस महीने में इस बार फेसबुक पर कुरान की लाइव तिलावत सुनी जा सकेगी। कोरोना की वजह से मस्जिदों में तरावीह की नमाज नहीं होने से इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया पर कुरान की तिलावत के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है।
अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि कुरान पाक खुदा की अंतिम किताब है। यह बहुत अजमत व बरकत वाली है। मौलाना ने कहा कि कुरान के आदेश पर अमल करना मुसलमानों का फर्ज है।मौलाना ने कहा कि इस साल कोरोना वायरस की वजह से पूरी दुनिया लॉकडाउन में है। मस्जिदों में नमाज अदा करने पर पाबंदी है।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों पर इसका बहुत प्रभाव है। उनको मालूम है कि कुरान करीम की न सिर्फ तिलावत करना बल्कि उसको देखना और सुनना भी बहुत ही सवाब का अमल है।
उन्होंने बताया कि इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने मुसलमानों की तड़प व बेताबी और कुरान पाक से उनकी मुहब्बत व अकीदत को महसूस करते हुए यह तय किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुरान पाक की तिलावत की जाए।
मौलाना ने बताया कि 24 अप्रैल से प्रतिदिन 2 पारों की तिलावत फेस बुक के पेज http://www.facebook.com/islamiccentreofindi पर रात में 8 से 9 बजे तक रिले किया जाएगा। इसलिए रोजेदारों से अपील है कि पहली रमजान से वुजू करके अपने घर वालों के साथ बैठकर कुरान मजीद के दो पारे सुनें और इसके बाद 20 रकात तरावीह अदा करें।