श्रावस्ती। जिले में पड़ रही भीषण ठंड में बेसहारों व असहायों को रात में ठहरने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए मंगलवार रात डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने संयुक्त जिला चिकित्सालय व रोडवेज बस स्टैंड में बने रैन बसेरे का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरा प्रबंधक को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। कहा कि सर्दी व शीतलहर को देखते हुए रैन-बसेरों में रुकने वालों को कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। अलाव की भी समुचित व्यवस्था करें। रैन बसेरे में आने वाले परिवारों के लिए अलग व अन्य लोगों के लिए अलग ठहरने की व्यवस्था कराएं। मुख्य मार्गों पर साइन बोर्ड भी लगवाएं, जिससे लोगों को इन्हें ढूंढने में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण व निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यदि कोई गरीब, बेसहारा व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोता मिले तो उन्हें रैन बसेरों में भेजा जाए। इसके बाद उन्होंने बगुरय्या मोड़ पर पात्र लोगों को कंबल वितरित किया। इस दौरान एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम भिनगा पीयूष जायसवाल, ईओ भिनगा डा. अनीता शुक्ला सहित रैन बसेरा संचालक व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।