उत्तर प्रदेश में एक महिला सहित चार लोगों ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को किडनी देने की इच्छा जताई है। मीडिया में सुषमा स्वराज की किडनी खराब होने की खबर आने के बाद अलीगढ़ के त्रिमूर्तिनगर की रहने वाली कुसुमलता सिंह बेहद दुखी हैं।
उनका कहना है कि उनकी किडनी सुषमा स्वराज के काम आए तो अपने को भाग्यशाली समझूंगी। सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त पति चौधरी नारायण सिंह से विचार-विमर्श के बाद उन्होंने बुधवार को अपना ब्लड टेस्ट कराया। उनका ब्लड ग्रुप ए पाजिटिव है।
क्षेत्रीय पार्षद दिनेश जादौन के माध्यम से इसकी खबर भाजपा नेता संजीव राजा तक पहुंची। संजीव राजा ने पूर्व सांसद शीला गौतम से बात की और उसके बाद सुषमा स्वराज के निजी सचिव आनंद तक इसकी सूचना पहुंचा दी गई है।
उधर वाराणसी के चौकाघाट के विक्रम भारद्वाज ने भी विदेश मंत्री को अपनी किडनी देने की पेशकश की है। गुरुवार को विदेश मंत्री की किडनी फेल होने की जानकारी के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है।
उन्होंने मेल और स्पीड पोस्ट के माध्यम से इसकी गुजारिश की है। इसके लिए उन्होंने विदेश मंत्री के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, एम्स के निदेशक और डीएम को पत्र भेजा है।
इन लोगों ने भी दिखाई दरियादिली
डेमो पिक
- फोटो : टि्वटर
उत्तराखंड के जिला नैनीताल के गांव हल्दीचौड़ जग्गी निवासी कैलाश चंद्र बजेठा शर्मा (56) यहां हाईवे पर गांव छजुपुरा के पास एक ढाबे पर रसोइयां है। उसने बृहस्पतिवार को अखबार में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी खराब होने के संबंध में खबर पढ़कर नेक काम करने के लिए ठान लिया।
रेस्टोरेंट के व्यवसाय से जुड़े विक्रम ने कहा कि पाकिस्तान में जाकर जिस प्रकार विदेश मंत्री ने दहाड़ा था उससे मैं काफी प्रभावित हूं। ऐसा बहुत कम लोग कर पाते हैं। ऐसे मंत्रियों की जरूरत देश को है।
यदि मेरी किडनी उनके काम आए तो मैं सहर्ष देने को तैयार हूं। विक्रम मौनी बाबा रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाली रामलीला में बीते चार वर्षों से हनुमान की भूमिका निभाते हैं।
बिजनौर में एक ढाबे पर भोजन बनाने वाले ने दरियादिली दिखाई है। उसने जिंदगी और मौत से जूझ रहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को अपनी किडनी देने की इच्छा जताई है।
उसने जिलाधिकारी को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अपनी किडनी खराब होने की जानकारी ट्वीट के जरिये दी थी।
घनश्याम ने की किडनी देने की पेशकश
वहीं विदश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी फेल होने की मीडिया में खबर आने के बाद गोंडा का एक युवक भी उन्हें किडनी देने के लिए आगे आया। उसने किडनी दान करने के लिए गुरुवार को विदेश मंत्री को नोटरी व पत्र भेजा है।
तहसील तरबगंज रामापुर गांव के रहने वाले रघुनंदन प्रसाद जायसवाल के बेटे घनश्याम जायसवाल ने बताया कि उसने इलेक्ट्रानिक न्यूज चैनल पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की किडनी फेल होने के कारण अस्पताल में भर्ती होने की खबर देखने के बाद देशहित में यह फैसला लिया है।
घनश्याम जायसवाल ने मुख्य राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल को शपथ पत्र देकर इसकी सूचना सुषमा स्वराज तक पहुंचाने की अपील की है। घनश्याम ने कहा कि देश हित में यदि उनका अंग काम आ जाए तो इससे बेहतर कुछ और नहीं हो सकता है।
उसने अपनी एक किडनी दान देने की तत्परता दिखाई है। घनश्याम ने बताया कि वह तरबगंज के रामापुर गांव के रहने वाले हैं और बिल्डिंग मटेरियल की दुकान करते हैं। वह चार भाई हैं और भाइयों में वह सबसे बड़ा है। घनश्याम ने बताया कि उनके दो बेटे व दो बेटियां हैं और उनकी पत्नी सरिता जायसवाल भी इस कार्य से सहमत हैं। घनश्याम की पत्नी सरिता जायसवाल ने बताया कि यह गर्व की बात है इससे उन्हें को कोई परेशानी नहीं है।