पाकिस्तान का झंडा जलाकर विरोध जाते शिया समुदाय के लोग।
लखनऊ। पाकिस्तान में शिया समुदाय पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ रविवार को मुस्लिम समुदाय ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर पाकिस्तान से आने वाले ईसाई, हिंदू, सिख, जैन की तरह शिया समुदाय के लोगों को भी भारत की नागरिकता देने की मांग की। यूएनओ को भी पत्र भेजकर शिया के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की गई।
मरकजी शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैय्यद सैफ अब्बास नकवी की अगुवाई में हुसैनाबाद स्थित छोटे इमामबाड़े में प्रदर्शन से पहले आयोजित विरोध सभा में पाकिस्तान में शियों की हत्या की निंदा की गई। मौलाना सैफ अब्बास ने कहा, शिया समुदाय को दुनिया शांतिपूर्ण कौम के रूप में जानती है। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवादियों का अड्डा बताया।
मौलाना अफजाल हुसैन ने कहा, पाकिस्तान खुद को इस्लामिक देश कहता है, जबकि आईएसआई के निर्देश पर वहां इस्लाम के खिलाफ काम हो रहा है। इस मौके पर मौलाना अजीम हुसैन, मौलाना मोहम्मद रजा एलिया, मौलाना नफीस अख्तर, मौलाना मोहम्मद मशरकैन, मौलाना रहबर असकरी आदि मौजूद रहे।