लखनऊ। शहर के वे स्पॉट जो अमूमन जाम से जकड़े रहते हैं और जहां अतिक्रमण यातायात की रफ्तार कम कर रहे हैं, वहां अब रेसर बाइक पर खाकीधारी तैनात रहेंगे। ये प्रयास करेंगे कि यातायात की रफ्तार धीमी न हो और जाम की स्थिति न बने।
इसके लिए यातायात विभाग को 42 रेसर बाइकें दी गई हैं। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर ने हरी झंडी दिखाकर बाइकों को रवाना किया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ये पीक ऑवर में सुबह नौ से 11 बजे और शाम को पांच से 8 बजे के बीच चिह्नित किए गए स्थानों पर रेसर बाइकों के साथ पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे।
ऑनलाइन होगी निगरानी
बाइकें जीपीएस, ब्रीथ एनेलाइजर, स्पीडोमीटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस हैं। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कैमरों से इनकी निगरानी होगी। अफसरों ने बताया कि जहां पर भी जाम लगेगा, रेसर बाइक पर तैनात पुलिसकर्मियों को वहां की फोटो, लोकेशन आदि पहुंच जाएगी, जिससे वह मौके पर तुरंत पहुंचेंगे। डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने में भी इससे मदद मिलेगी।