गुडंबा। फैजुल्लागंज में लगातार जारी बिजली संकट के विरोध में शनिवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने गौरभीठ रोड पर प्रदर्शन कर विधायक डॉ. नीरज बोरा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ''बिजली-पानी दे न सके जो सरकार निकम्मी है'' और ''जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है'' जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह से इलाके में बिजली आपूर्ति चरमराई हुई है। हालत यह है कि पानी भरने तक के लिए बिजली नहीं मिल रही है। सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी ने कहा कि विधायक केवल पत्राचार कर औपचारिकता निभा रहे हैं। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन में गुड़िया सिंह, तारा श्रीवास्तव, प्रियंका बाजपेई, सोनी सिंह, अभिषेक मिश्र, अनूप सिंह, कमल, महेंद्र, सतीश शर्मा, राखी आदि शामिल रहे।
निलमथा में 24 घंटे तक बिजली-पानी ठप
उतरेठिया उपकेंद्र के निलमथा की शाहनूर कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर 12:45 बजे 630 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से 24 घंटे बिजली-पानी का संकट रहा। इससे गुस्साए लोगों ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया। कर्मचारी लौंगाखेड़ा में ट्रॉली ट्रांसफार्मर लेने गए तो लोगों ने उसे वहां से हटने नहीं दिया। शनिवार को पुलिस बल के साथ 630 केवीए का ट्रॉली ट्रांसफार्मर लाकर कॉलोनी में लगाया गया, तब जाकर दोपहर 12 बजे बिजली चालू हुई। भगवंतनगर में दोपहर तीन बजे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया, जो शाम तक बदला नहीं जा सका था। शनिवार सुबह चिनहट के तिवारीगंज में खंभे में आग लगने से तार जल गए।