अन्तर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस पर आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी.
लखनऊ। लखनऊ के वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी पवन बाथम ने शतरंज टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 6.5 अंको के साथ खिताब जीत लिया। चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के
उपलक्ष्य में आयोजित टूर्नामेंट के सातवें व अंतिम राउंड के बाद सईद अहमद छह अंक के साथ वरिष्ठ नागरिक श्रेणी में चैंपियन बने। वहीं इस श्रेणी में मोहम्मद इरफान (पांच अंक), अजीत कुमार श्रीवास्तव (चार अंक), आरपी गुप्ता
(तीन अंक) क्रमश: दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। टूर्नामेंट के एक अन्य सितारे मॉडर्न स्कूल अलीगंज के दस वर्षीय अभिज्ञान कटियार रहे, जिन्होंने ओपन श्रेणी में पांच अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। कटियार मुकाबले में पवन बाथम के खिलाफ लगभग जीत की स्थिति में थे, लेकिन समय के दबाव में चूक का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। दूसरी ओर संजीव कुमार ने 30 वर्ष से अधिक अनरेटेड श्रेणी में छह अंक के साथ जीत हासिल की। अंडर-16 अनरेटेड श्रेणी में दर्श अग्रवाल (डीपीएस एल्डिको), आकर्षक सिंह (सीएमएस गोमती नगर, द्वितीय कैम्पस) और अर्जुन चौरसिया (डीपीएस एल्डिको) छह अंक के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। वहीं कार्तिक अग्रवाल (सीएमएस अलीगंज, प्रथम कैंपस) और कौस्तुभ मिश्रा (सेंट फ्रांसिस) ने क्रमशः अंडर-16 व अंडर-10 श्रेणी में पांच-पांच अंक के साथ श्रेष्ठता साबित की। इस अवसर पर क्लब ने हर्षित अमरनानी को भी सम्मानित किया। हर्षित ने इटली के इसोला डेल सोले, ग्रैडो शतरंज ओपन में अंडर 2200 वर्ग में जीत हासिल की है और फिडे रेटिंग 2143 के साथ लखनऊ के सबसे अधिक
रेटिंग वाले खिलाड़ी बन गए।