लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों का रिकार्ड अब क्लिक पर ऑन लाइन मिलेगा। मरीज की मर्ज-जांच व दवाओं का रिकार्ड अपलोड होगा। शासन ने पहले चरण में लखनऊ के कुछ सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों का रिकार्ड ऑन लाइन किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद ओपीडी मरीजों का रिकार्ड ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड होगा। वहीं कुछ निजी अस्पतालों को भी इसमें शामिल किए जाने की तैयारी विभाग ने की है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत सभी मरीजों का डेटा आभा एप पर ऑनलाइन होगा। शासन के निर्देश पर पहले चरण में बलरामपुर, सिविल व लोकबंधु व अवंतीबाई अस्पताल को चुना गया है। यहां पर मरीजों का डेटा जल्द ही ऑन लाइन किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं कुछ बड़े निजी अस्पतालों काे मरीज का डेटा ऑनलाइन दर्ज किए जाने के लिए चुने गए हैं। जिसे लेकर शुक्रवार को सीमएओ आफिस में अस्पताल संचालकाें को दिशा निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रभारियों का कहना है अभी तक लैब इंटीग्रेटेड सिस्टम के तहत मरीजों की जांच रिपोर्ट आॅन लाइन मोबाइल पर मिल रही है। इसके बाद रेडियोलॉजी व फार्मेसी का रिकार्ड भी मोबाइल पर मिलेगा। अस्पताल प्रभारियों का कहना है मरीज के किस मर्ज का इलाज हुआ है और कौन सी दवा चढ़ी। इसका रिकार्ड भी ऑन लाइन होगा।