लखनऊ। काकोरी की मदर एंड चाइल्ड यूनिट बिजली कनेक्शन के इंतजार में बंद पड़ी है। अफसर अभी तक यहां बिजली कनेक्शन नहीं करा सके हैं। इससे गर्भवती और बच्चों को भी भर्ती नहीं किया जा रहा है। यहां तैनात डाॅक्टर व स्टाफ को सीएचसी से संबद्ध किया गया है। सीएमओ का कहना है कि इसी माह तक बिजली कनेक्शन होने की उम्मीद है।
काकोरी ब्लॉक में 50 बेड की मदर एंड चाइल्ड विंग का निर्माण वर्ष 2019-20 में हुआ था। इस पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च हुए थे। वर्ष 2021 में इसका उद्घाटन हुआ था। डॉक्टर व मैनपॉवर के अभाव में अभी तक यूनिट बंद पड़ी थीं। यहां पर सिर्फ टीकाकरण का होता था।
शासन ने बीते साल दिसंबर में यहां पर डॉक्टर व स्टाफ को तैनात किया। जरूरी संसाधन जुटा लिए गए। करीब डेढ़ माह बीतने बाद भी कनेक्शन न होने से यूनिट का संचालन ठप है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, बिजली कनेक्शन इसी माह तक अस्पताल में हो जाएगा। इसके बाद यहां पर गर्भवती व बच्चों की भर्ती शुरू की जाएगी।