लखनऊ। मरीज की मौत पर परिजनों ने दुबग्गा स्थित निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। डॉक्टर के खिलाफ पुलिस व सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग भी की है। सीएमओ का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
दुबग्गा के इटौली गांव निवासी गंगा राम यादव (36) को पैर में दर्द की शिकायत पर 16 जनवरी को जॉगर्स पार्क स्थित विकल्प अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार डॉक्टर विवेक वर्मा ने ऑपरेशन करके पस निकाला। बावजूद इसके हालत में सुधार नहीं हुआ। करीब 15 दिन इलाज के बाद भी गंगा राम की हालत बिगड़ती चली गई। आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर प्रबंधन ने मरीज को कहीं और ले जाने की सलाह देते हुए अस्पताल से बाहर कर दिया। इसके बाद परिजन मरीज को पास के आम्रपाली अस्पताल ले गए। यहां से मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रविवार देर रात मरीज की मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विकल्प अस्पताल के प्रबंधक अभिषेक रस्तोगी ने इलाज के नाम पर करीब सात लाख रुपये वसूले। इसके लिए जेवर तक बेचने पड़े। पत्नी रंजना ने डॉ. विवेक वर्मा के खिलाफ शिकायत की है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।
::::
परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं। मरीज से डेढ़ लाख रुपये जमा किए गए थे। मरीज की हालत पहले से ही खराब थी। स्थिति और गंभीर होने पर उसे रेफर किया गया।
- अभिषेक रस्तोगी, प्रबंधक, विकल्प अस्पताल