लखनऊ। केजीएमयू की न्यू बिल्डिंग में शुक्रवार को इलाज के दौरान महिला की मौत होने पर तीमारदारों ने हंगामा व तोड़फोड़ की। पुलिस दो लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ कर ले गई है।
केजीएमयू में सुलतानपुर के दादूपुर की महिला को बृहस्पतिवार को भर्ती किया गया था। उसे बीपी व शुगर की समस्या थी। उसकी कोरोना जांच भी कराई गई थी, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई। इसी बीच जांच रिपोर्ट भी आ गई और महिला संक्रमित मिली। उधर, घरवालों ने महिला की मौत के बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल में तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पुलिस ने हंगामा कर रहे दो युवकों को पकड़ लिया। एक अन्य मामले में ट्रॉमा सेंटर में शुक्रवार को इलाज न मिलने पर एक महिला ने जमकर हंगामा किया। इस होल्डिंग एरिया के पास लगे शीशे भी टूट गए। महिला ने आरोप लगाया कि उसके मरीज को भर्ती नहीं किया जा रहा था। स्टाफ से बात करने की कोशिश की गई तो सभी उससे उलझ गए। इसी दौरान किसी ने शीशे पर कुछ मार दिया। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी को इलाज दिया जा रहा है।