लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का कद यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बढ़ता जा रहा है। पहले जहां अमौसी एयरपोर्ट बीस से पचास लाख वाले यात्रियों की श्रेणी में आता था, वहीं यहां आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाने से यह 50 लाख से 1.5 करोड़ सालाना यात्रियों की श्रेणी में शुमार हो गया है।
अभी तक इस रेंज में गोवा, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद व कोचीन एयरपोर्ट शामिल हैं। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट साल दर साल नए आयाम तय कर रहा है। सुविधाओं में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। इससे एक ओर जहां एयरपोर्ट प्रशासन की बांछें खिली हुई हैं।
वहीं दूसरी तरफ यात्रियों को भी काफी राहत हो गई है। अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, वर्ष 2017-18 में कुल 47.74 लाख यात्रियों ने हवाईजहाज से सफर किया। इसमें घरेलू व अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल हैं, जबकि इससे पूर्व 2016 में 38 लाख से अधिक यात्रियों ने अमौसी से सफर किया था। चूंकि, पैसेंजरों की संख्या पचास लाख से कम थी, इसलिए इसे बीस लाख से पचास लाख पैसेंजर प्रतिवर्ष की श्रेणी में रखा गया था।
कई पुरस्कारों से बढ़ा रूतबा
डेमो
एयरपोर्ट ने कई खिताब हासिल किए हैं। जुलाई 2013 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से अमौसी को जोधपुर एयरपोर्ट के साथ सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट का अवार्ड मिला। इसी क्रम में एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल की ओर से अमौसी एयरपोर्ट को छोटे एयरपोर्टों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल हुआ था। जबकि इस वर्ष एयरपोर्ट को आकार व क्षेत्र की कैटेगरी में पूरे एशिया-पैसेफिक रीजन में बेस्ट एयरपोर्ट का खिताब मिला है। इन अवार्डों से एयरपोर्ट का रुतबा बढ़ गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर तक कुल 31,91,175 यात्रियों ने हवाई सफर किया। इसमें घरेलू यात्रियों की संख्या 26,96,591 है, जबकि अंतरराष्ट्रीय सफर करने वाले यात्रियों की संख्या 4,94,587 है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष यात्रियों की संख्या में 26.5 प्रतिशत वृद्घि हुई है।
यह एक बड़ी उपलब्धि
वित्तीय वर्ष समाप्त होने में चार महीने हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या पचास लाख से ऊपर पहुंचने के आसार जताए जा रहे हैं, जिससे अमौसी एयरपोर्ट पचास लाख से डेढ़ करोड़ पैसेंजर सालाना की श्रेणी वाले एयरपोर्टों में शामिल हो जाएगा। इस श्रेणी में कोलकाता, गोवा, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद व कोचीन एयरपोर्ट हैं।
एक बड़ी उपलब्धि है
वित्तीय वर्ष पूरा होने पर एयरपोर्ट 50 लाख सालाना यात्रियों की संख्या पार कर जाएगा। इसके बाद यह गोवा, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, हैदराबाद व कोचीन की टक्कर में आ जाएगा। श्रेणी पचास लाख से डेढ़ करोड़ यात्री प्रतिवर्ष की हो जाएगी। यह एक बड़ी उपलब्धि है। एयरपोर्ट प्रशासन लगातार सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। -संजय नारायण, ओएसडी, अमौसी एयरपोर्ट