लखनऊ। लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर स्थित गंगा पुल पर मरम्मत के चलते कई कई ट्रेनें लखनऊ तक नहीं आ पा रही हैं। ऐसी करीब दस ट्रेनें कानपुर तक ही चलाई जा रही हैं। इससे लखनऊ से यात्रा करने वाले यात्री पहले बस से कानपुर जा रहे हैं, और उसके बाद कानपुर से ट्रेन ले रहे हैं। इससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते झांसी लखनऊ मेमू, कानपुर रायबरेली पैसेंजर, कानपुर लखनऊ मेमू, उतरेटिया कानपुर मेमू, प्रयागराज कानपुर पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है। लखनऊ तक आने वाली आगरा फोर्ट लखनऊ इंटरसिटी, पुणे लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस, एलटीटी लखनऊ एसी एक्सप्रेस, झांसी लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी जैसी ट्रेनें कानपुर तक ही आ रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों को जल्द राहत देने के लिए मरम्मत कार्य तेज करवा दिया गया है। काम 42 दिन में पूरा होना था लेकिन अब इसे दस दिन पहले ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।