रायबरेली। मुरादाबाद मंडल में चल रहे काम की वजह से चार जोड़ी ट्रेनें निरस्त हो गई हैं। इससे 12 अप्रैल तक संचालन प्रभावित रहेगा। शनिवार को इन ट्रेनों के निरस्त रहने के साथ ही टाटा नगर में प्रदर्शन के चलते नीलांचल एक्सप्रेस भी नहीं चली। इस वजह से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ा।
टाटा नगर में प्रदर्शन के चलते पुरी से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस नहीं आई। मुरादाबाद मंडल में रेल लाइन सुधार कार्य के कारण बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल रद्द रही, जबकि बरेली और प्रयागराज के बीच चलने वाली अप-डाउन ट्रेनें भी नहीं दौड़ीं। इन ट्रेनों के निरस्त होने के कारण बरेली के रास्ते सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई। आसपास के स्टेशनों का सफर करने वालों ने बसों से सफर किया, पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों ने लखनऊ से दूसरी ट्रेनों का सहारा लिया। नौचंदी एक्सप्रेस रविवार से निरस्त रहेगी। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि ट्रेनों का संचालन 12 अप्रैल तक प्रभावित रहेगा।
अलग-अलग रेल लाइनों में चल रहे सुधार कार्य की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार को देर रात नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा पांच घंटे लेट होने के कारण शनिवार को तड़के आई। शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस ढाई घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज संगम जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल एक घंटे विलंब से आई। आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस भी पौन घंटे विलंब से आने के कारण यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।