लखनऊ। बेंगलूरू जाने के लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री को सुरक्षाकर्मियों ने रोक लिया। यात्री के पास से एक रिवॉल्वर बरामद हुई है। काफी देर तक पूछताछ के बाद लाइसेंस दिखाने पर उन्हें जाने की अनुमति दी गई। हालांकि इस दौरान देरी होने पर उनकी फ्लाइट छूट गई।
अमौसी एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे से बेंगलूरू जा रहे इंडिगो विमान के यात्रियों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक यात्री के पास से सीआईएसएफ को एक रिवॉल्वर मिला। सीआईएसएफ ने उन्हें सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। यात्री ने अपने रिवॉल्वर का शस्त्र लाइसेंस मंगाकर दिखाया तब उन्हें छोड़ दिया गया। इस दौरान यात्री की फ्लाइट छूट गई। सरोजनीनगर थाना प्रभारी संतोष आर्या ने यात्री का नाम बताने से इनकार किया। वहीं सूत्रों के मुताबिक, यात्री रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी का नाम राजेंद्र उपाध्याय बताया जा रहा है।