मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का कहना है कि मुजफ्फरनगर के दंगा राहत शिविरों को लेकर राजनीति हो रही है।
अखिलेश ने कहा कि चुनाव करीब देख कुछ लोग इसका राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश में जुटे हैं।
अखिलेश ने बताया कि सरकार ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों से अपील की है और उनसे बातचीत करके तथा समझा बुझाकर घर वापस भेजने की कोशिश की जा रही है।
शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोशिश की जा रही है कि मुजफ्फरनगर प्रकरण खत्म हो। राहत शिविरों से बहुत से लोग अपने घरों को लौट चुके हैं। जो शेष बचे हैं उन्हें भी वापस भेजने की कोशिश की जा रही है।
सरकार हालात सामान्य करने का प्रयास कर रही है। प्रशासन के लोग लगातार शिविरों में रह रहे लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
सरकार की ओर से राहत शिविरों में कपड़े, कंबल और अन्य जरूरी वस्तुओं समेत काफी सहायता मुहैया कराई गई है। सरकार के अलावा अन्य लोगों ने भी राहत शिविरों में रहने वालों की मदद की है।
अब कोई एफएम चैनल के जरिये कंबल और कपड़े की सहायता उपलब्ध कराने को कहे तो इसके पीछे राजनीति ही तो है?
राहत कैंपों के लिए दिल्ली के एंबियंस मॉल में कंबल एकत्र करने किए जा रहे हैं। इसके पीछे क्या है वह कहना नहीं चाहते। नेता जी, पार्टी और हम सभी चाहते हैं कि शिविरों में रह रहे लोग अपने घरों को लौटें।