श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष श्रीमहंत नृत्य गोपाल दास की चौथी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। जल्द ही स्वस्थ होने के साथ उनके अयोध्या पहुंचने की संभावना है। उधर, दूसरी तरफ महंत नृत्यगोपाल दास की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद देशभर में फैले उनके हजारों भक्तों में हर्ष का माहौल है। महंत नृत्यगोपाल दास विगत 13 अगस्त को उस समय कोरोना पॉजिटिव हो गए थे जब वे मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में गए थे।
बताते चलें कि महंत नृत्यगोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि न्यास के साथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के भी अध्यक्ष हैं। वह हर वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करते हैं। 13 अगस्त को उनके कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। तब से लगातार उनके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहा। अब आई रिपोर्ट से सभी शुभचिंतकों में हर्ष की लहर हैं।
विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि महाराज जी की चौथी और अंतिम कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य में व्यापक सुधार हो रहा है। दिल्ली स्थित मेदांता हॉस्पिटल के योग्य चिकित्सक महाराज जी के स्वास्थ्य सुधार को लेकर संतुष्ट हैं। महंत नृत्य गोपाल दास के रविवार तक अयोध्या पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को अयोध्या पहुंचने पर उनका वैदिक मंत्रों के द्वारा स्वागत किया जाएगा, इसके बाद वे रामलला का दर्शन पूजन भी कर सकते हैं।
विहिप का प्रांतीय कार्यालय कोरोना की चपेट में
विश्व हिंदू परिषद का प्रांतीय कार्यालय भी कोरोना की चपेट में आ गया है। कारसेवकपुरम स्थित विहिप के प्रांतीय कार्यालय के पांच सदस्य कोरोना की चपेट में आ गए हैं। विगत दिनों मेडिकल टीम ने कार्यालय के सदस्यों सहित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की भी कोरोना जांच की थी। जिसके बाद पांच सदस्यों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की रिपोर्ट निगेटिव आई है।