तिकुनिया में धरनारत किसानों की थार गाड़ी के कुचलने से हुई मौत के प्रकरण को आज एक साल पूरा हो रहा है। इस पर तिकुनिया में आयोजित पंचायत में जहां भाकियू नेता राकेश टिकैत भाग लेंगे तो वहीं जिलों-जिलों में किसान इस बाबत पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराएंगे। इस पंचायत और विरोध पर सरकारी तंत्र की पैनी निगाह लगी है।
तिकुनिया में सोमवार को पंचायत का आयोजन हो रहा है जिसमें काफी भीड़ जुटने की बात कही जा रही है। हालांकि भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि वे इस पंचायत में भाग लेंगे लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा है कि वहां भारी भीड़ जुटाओ। घटना को एक साल पूरे हो गए हैं। दिवंगतों को श्रद्घांजलि देने के लिए वहां लोग पहुंचेंगे। हालांकि संयुक्त किसान मोर्चा ने इसकी पूरी तैयारियां की हैं। गांव गांव किसानों ने इसके लिए संपर्क किया है। उधर अहम यह है कि जिलों और तहसील पर भी किसान काली पट्टी बांधकर केंदीय गृह राज्यमंत्री और उनके बेटे का पुतला फूंकेंगे।
पैनी निगाह
इस दिन पर सरकार की पैनी निगाह है। तिकुनिया में गुरुद्घारा में श्रद्घांजलि सभा रखी गई है। वहां व्यवस्था बनाने केअलावा विभिन्न जिलों में भी इसके लेकर गंभीरता दिखाई जा रही है। खास तौर पर लखीमपुर खीरी व आसपास के जिलों में निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्था ठीक रखी जाए। खास तौर से यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे।