प्रशांत कुमार ने बताया कि पिछले महीने की 7 तारीख से चलाए जा रहे अभियान में बड़ी संख्या में अवैध असलहे, शराब बरामद किए गए हैं। इस दौरान 2524 अवैध अस्त्र, 111 अवैध फैक्ट्री मेड असलहे, 4592 तमंचे, 8008 कारतूस और 2833 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया है। इस अवधि में शस्त्र की 165 अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया है। यहां से 269 लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
इसी तरह अवैध शराब के कारोबार करने वालों के खिलाफ भी जमकर कार्रवाई हुई। अभियान के दौरान 833232 लीटर अवैध शराब की बरामदगी विभिन्न जिलों की पुलिस टीम द्वारा की गई है। इस कारोबार में शामिल 1993 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं बड़ी संख्या में अवैध शराब की भट्टियां भी पकड़ी गई हैं। कुल 2826 अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट करते हुए 3043 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शांति पूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रदेश भर में 2906 बैरियर बनाए गए हैं। चुनाव से पहले 713770 लोगों के लाइसेंसी असलहे थानों या शस्त्र की दुकानों पर जमा कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में मुजफ्फरनगर, बागपत, गौतमबुद्धनगर, बिजनौर, अमरोहा, बदायूं, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर, गोंडा, महराजगंज, वाराणसी और आजमगढ़ जिले में वोट डाले जाएंगे।