दो जिपं सदस्य व 17 ग्राम प्रधान पद के लिए मतदान छह को
सभी सीटों की आठ जुलाई को होगी मतगणना
गोंडा। पंचायत चुनाव में जिले के दो जिला पंचायत सदस्य व 17 ग्राम प्रधान पद के लिए छह जुलाई को मतदान होगा। सभी सीटों पर होने वाले मतदान के बाद आठ जुलाई को मतगणना होगी। जिला प्रशासन ने पंचायत उप चुनाव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
जिले के तीन क्षेत्र झंझरी,परसपुर व भौरीगंज जिला पंचायत सदस्य पद पर उप चुनाव होना था। 28 जून को झंझरी क्षेत्र में एक सदस्य के निर्विरोध घोषित हो जाने के बाद अब सिर्फ दो क्षेत्र भौरीगंज व परसपुर में चुनाव होना है। इसके अलावा 17 ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव होना है। पण्डरीकृपाल के दो ग्राम पंचायत, इटियाथोक के एक, परसपुर के दो, मनकापुर के दो, छपिया के दो, बभनजोत के एक बेलसर के दो, वजीरगंज के दो व तरबगंज के तीन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद पर चुनाव होना है इसके अलावा करीब 112 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद पर चुनाव होना है। इस बारे में जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी नारायन ने बताया कि छह जुलाई को मतदान होना है।