चिनहट। बीबीडी के जुग्गौर इलाके में बृहस्पतिवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइकसवार सुमित कुमार यादव (25) की मौत हो गई और उनके साथी उमेश यादव घायल हो गए। घायल उमेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के अनुसार जुग्गौर निवासी सुमित पेंटर थे। वह बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे साथी उमेश यादव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक व खुद चला रहे थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। इसी दौरान अनौराकला मार्ग रेलवे ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लग गई। इससे दोनों लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। उमेश यादव का इलाज चल रहा है। सुमित के भाई पवन कुमार यादव ने बताया कि परिवार में पिता रमेश यादव और भाई अंकुर व अमन यादव हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।