लखनऊ। दुबग्गा में बृहस्पतिवार रात दोस्तों से शर्त लगाकर शाहपुर भमरौली निवासी पेंटर जितेंद्र राजपूत (30) ने अधिक शराब पी ली। तबीयत बिगड़ने पर घरवाले उन्हें अस्पताल ले गए। वहां उनकी मौत हो गई।
जितेंद्र के छोटे भाई कुलदीप ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम जितेंद्र नशे में घर लौटे थे। कुछ देर बाद वह घर से निकल गए और मुर्दापुर इलाके में दोस्तों से बिना पानी के शराब पीने की शर्त लगाई। शर्त जीतने के चक्कर में उन्होंने अधिक शराब पी ली। हालत बिगड़ने पर दोस्त उन्हें छोड़कर भाग गए। रात करीब 10 बजे जितेंद्र को सड़क किनारे मरणासन्न हालत में देख परिचितों ने परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन जितेंद्र को निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कुलदीप ने बताया कि भाई की शादी नहीं हुई थी। इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय का कहना है कि घरवालों ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।