लखनऊ। 13 जनवरी 2021 को घर में पीएनजी की फिटिंग हुई थी। मीटर भी लगा दिया गया, लेकिन आज तक गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई। फोन और ईमेल से कई बार शिकायत की, मगर कोई जवाब नहीं मिला। राजाजीपुरम निवासी सुशील कुमार श्रीवास्तव की यह शिकायत पीएनजी कनेक्शन के लिए परेशान हो रहे उपभोक्ताओं की समस्या बयां करती है।
शहर में कहीं छह साल से पीएनजी का इंतजार है तो कहीं तीन साल से कनेक्शन चालू नहीं हुआ। फीस जमा करने, पाइप और मीटर लगवाने के बाद भी सप्लाई नहीं मिलने से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ग्रीन गैस कंपनी के कार्यालय और हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही।
इंदिरानगर सेक्टर-11 निवासी हरिकेश गौतम ने बताया कि 15 सितंबर 2023 को पीएनजी कनेक्शन के लिए छह हजार रुपये जमा किए थे। एक साल बाद घर में पाइप और मीटर लगा दिया गया था, लेकिन गैस आपूर्ति चालू नहीं हुई। कई बार शिकायत के बाद भी आश्वासन ही मिला। लालकुआं निवासी विनोद कुमार जायसवाल का कहना है कि घर के सामने मुख्य सड़क पर पाइपलाइन होने के बावजूद कनेक्शन नहीं दिया जा रहा। इंदिरानगर के हरिहर नगर में भी लोग कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं।
पहले पाइप लगाया, फिर खोल ले गए
महानगर निवासी पीयूष द्विवेदी ने नौ महीने पहले छह हजार रुपये जमा किए थे। एक महीने पहले पाइप लगाया गया, लेकिन बाद में खोल लिया गया। पूछने पर बताया गया कि पाइपलाइन में गैस नहीं है। तीन दिन पहले दोबारा गड्ढा खोदकर काम अधूरा छोड़ दिया गया। शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हुई।
तीन टावरों में सप्लाई नहीं
वृंदावन योजना के सेक्टर-20 स्थित गोवर्धन सोसाइटी के 11 टावरों में से तीन में दो साल से पीएनजी कनेक्शन नहीं पहुंचे हैं। यहां रहने वालों ने बताया कि कई लोग सात-आठ महीने पहले भुगतान कर चुके हैं। आवास विकास परिषद ने एक अप्रैल को कंपनी को पत्र भी भेजा था, लेकिन समस्या जस की तस है। गोवर्धन एन्क्लेव में भी एक महीने पहले आवेदन और फीस जमा करने के बाद कनेक्शन नहीं मिला।
वेंडर पर अधिक रुपये लेने का आरोप
नीलमथा के कटेहरीबाग निवासी दीपक कुमार ने कंपनी के एक वेंडर पर 11,200 रुपये लेने और बिना स्पष्ट जानकारी दिए कनेक्शन को ईएमआई योजना में पंजीकृत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कंपनी से जांच, अतिरिक्त राशि वापस करने और कार्रवाई की मांग की है।
Iराजधानी में अधिक से अधिक लोगों को पीएनजी उपलब्ध कराने की दिशा में कंपनी काम कर रही है। अभी कुछ ही क्षेत्रों में पीएनजी की लाइन बिछाई जा सकी है। प्राथमिकता के आधार पर पहले इन्हीं इलाकों की सोसाइटियों में कनेक्शन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नए कनेक्शन के लिए mypng.gov.in पोर्टल पर आवेदन करना होगा। शिकायत के लिए उपभोक्ता 6390905003 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। I
I
- प्रवीण सिंह, डीजीएम, ग्रीन गैस लिमिटेडI
घरों में लगे मीटर बने हुए हैं शोपीस।
घरों में लगे मीटर बने हुए हैं शोपीस।