रायबरेली। ट्रेनों की लेटलतीफी कम नहीं हो रही है। कोहरे का असर तो है, लेकिन अलग-अलग जिलों में रेलवे ट्रैकों पर चल रहे काम की वजह से भी ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ी है। इससे ट्रेनें विलंब से आ रही हैं। सोमवार को सबसे ज्यादा विलंब से पद्मावत एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेन आई। आनंद विहार से बलिया जाने वाली स्पेशल ट्रेन सवा नौ घंटे और दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस पौने पांच घंटे देर से पहुंची।
चंडीगढ़ और प्रयागराज के बीच दौड़ने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस (अप-डाउन दोनों) दो-दो घंटे देर से आई। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर सवा दो घंटे, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस पौने दो घंटे, सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा घंटे विलंब से आई।
जम्मू तवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस, अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल, लोकमान्य तिलक से प्रतापगढ़ जाने वाली सुपरफास्ट और टनकपुर से सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस एक घंटे देर से पहुंची। प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली वंदेभारत, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल, बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल, पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस आधे घंटे विलंब से आई।
रविवार रात जय नगर से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन 12 घंटे से ज्यादा लेट रही। नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन तीन-तीन घंटे विलंब से आई।
वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, कानपुर से प्रतापगढ़ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे, प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस व बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण देर से आई हैं। इनमें से किसी भी ट्रेन का संचालन जिले में प्रभावित नहीं हुआ है।