मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि बुंदेलखंड के बांदा व महोबा जिले में राहत पैकेट का वितरण होली के बाद किया जाएगा। इसका शुभारंभ खुद मुख्यमंत्री वहां जाकर करेंगे।
उन्होंने 3500 हैंडपंपों की रिबोरिंग कराने और 440 टैंकरों से जलापूर्ति करने के निर्देश दिए। कहा कि पेजयल के लिए किसी भी गांव में लोगों को लाइन लगानी पड़ी तो अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आलोक रंजन बृहस्पतिवार को योजना भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बुंदेलखंड के मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों को सूखा प्रभावित किसानों को राहत देने के बारे में आवश्यक निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा, वहां सूखे को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए टैंकरों का सहारा लिया जाए। हैंडपंपों की रिबोरिंग का काम समय से पूरा करने के लिए एक्शन प्लान बनाकर उस पर अमल हो।
मुख्य सचिव ने कहा, बांदा एवं महोबा जिलों में मार्च के अंतिम सप्ताह यानी होली के बाद राहत पैकेट का वितरण योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री से होना संभावित है।