एसीपी विकास जायसवाल के मुताबिक मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना गांव निवासी गुलजार अली 2019 बैच के पीएसी जवान थे। वह 49वीं वाहिनी पीएसी गौतमबुद्धनगर में तैनात थे। वर्तमान में वह गौतमपल्ली में वीआईपी गार्द में ड्यूटी कर रहे थे। छानबीन में सामने आया कि बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे खाना खाने के बाद साथियों से आराम करने की बात कहकर गार्द रूम में चले गए थे। शाम को उनकी ड्यूटी थी। गुलजार के नहीं उठने पर साथियों ने उन्हें जगाने की कोशिश की। गुलजार अपने बेड पर बेसुध पड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। पुलिस ने मामले की सूचना गुलजार के घरवालों को दी।
जनवरी में बेटी का पहला जन्मदिन मनाने की कर रहे थे तैयारी
उनके भाई फरीद चाचा के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। फरीद ने बताया कि वर्ष 2024 में उनका निकाह हुआ था। जनवरी 2025 में उनकी एक बेटी हुई थी। उनके भाई ने पत्नी सितारा से कहा था कि वह जनवरी में बेटी के बर्थडे पर छुट्टी लेकर आएंगे। वह बेटी का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। पति की मौत की खबर सुनकर सितारा बेसुध हो गईं। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच के लिए डॉक्टरों ने हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
गुलजार अली की फाइल फोटो।
गुलजार अली की फाइल फोटो।