पीजीआई। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) से प्रतिबंधित नारकोटिक इंजेक्शन चोरी कर बेचने की साजिश का मामला सामने आया है। संस्थान के सहायक सुरक्षा अधिकारी ने आउटसोर्स कर्मचारी समेत दो नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सहायक सुरक्षा अधिकारी डीके पांडेय के अनुसार, सात जुलाई को दोपहर करीब 2:50 बजे ईएमआरटीसी भवन की चौथी मंजिल की सीढ़ियों के पास चार पैकेट वेरफेन इंजेक्शन लावारिस हालत में मिले थे। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें कब्जे में लेकर अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में रीनल एचआरएफ स्टोर में आउटसोर्स पेशेंट हेल्पर के रूप में तैनात दुर्गेश की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं।
आरोप है कि पूछताछ में दुर्गेश ने इंजेक्शन चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह इन्हें अभय मिश्रा नामक बाहरी व्यक्ति को बेचने की तैयारी में था। बरामद चार पैकेटों में 20 एम्पुल सुरक्षित मिले हैं।
इंस्पेक्टर पीजीआई ने बताया कि दुर्गेश, अभय मिश्रा और अन्य अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।