लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में लुलु मॉल के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में योगेंद्र प्रताप सिंह (38) की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। मूल रूप से सीतापुर के मनवा चौकी के पास अंबरपुर गांव निवासी योगेंद्र की मोबाइल की दुकान थी। बेटे वीर प्रताप ने बताया कि पिता किसी काम से सोमवार रात सुशांत गोल्फ सिटी गए थे। देर रात करीब तीन बजे लुलु मॉल के पास बगल से गुजरे वाहन से बचने के लिए उन्होंने ब्रेक लगाया तो अनियंत्रित होकर फिसली बाइक डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां योगेंद्र की मौत हो गई। उनके पास से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी राजीव रंजन का कहना है कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। योगेंद्र के परिवार में पत्नी ज्योति व दो बेटे हैं। हादसे के वक्त योगेंद्र हेलमेट पहने हुए थे।