लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) का कार्डियोलॉजी विभाग दिल संबंधी रोगों का इलाज और प्रोसीजर करने के मामले में देश भर में चौथे स्थान पर पर है। नेशनल इंटरवेंशनल काउंसिल ऑफ कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया ने इसकी सूची जारी की है। इसमें देश भर के सभी प्रमुख सार्वजनिक और निजी अस्पतालों को शामिल किया गया।
कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. ऋषि सेठी ने बताया कि इस सूची में पहले नंबर पर श्री जय प्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवस्कुलर साइंसेज एंड रिसर्च, बंगलूरू का नाम है। दूसरे नंबर पर दिल्ली का जीबी पंत इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च, तीसरे पर अहमदाबाद का यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी और चौथे पर केजीएमयू है। पांचवें स्थान पर पीजीआई चंडीगढ़ है।
यह उपलिब्ध इसलिए भी अहम है, क्योंकि सूची में शामिल ज्यादातर संस्थान हृदय रोग के इलाज के लिए ही समर्पित हैं। वहीं, केजीएमयू के एक विभाग का इन संस्थानों के बीच चौथा स्थान हासिल करना बड़ी बात है। इसमें मुख्य रूप से उन्नत कार्डियक इंटरवेंशन की संख्या को आधार बनाया गया है। इस उपलिब्ध पर केजीएमयू कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने बधाई दी है।
केजीएमयू का लेखाजोखा
कैथलैब में कुल प्रक्रिया- 11,358
टोटल कोरोनरी एंजियोग्राम- 9,662
टोटल कोरोनरी एंजियोप्लास्टी- 8,957