सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर राजभवन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी तांडव मचा रहे हैं और पुलिस तंत्र अपराधियों के आगे पस्त है। हत्या, लूट और अपहरण की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते आम लोगों की जिंदगी पर हर क्षण खतरा है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश बना दिया है।
अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में हर तीसरे दिन हत्या हो रही है। सरकार की खामोशी अपराधियों के हौंसले बढ़ा रही है। पिछले 20 दिनों में हर तीसरे तीन हत्या, फायरिंग, चोरी, छेड़खानी और किशोरियों के अपहरण की घटनाएं ध्वस्त कानून व्यवस्था की नजीर है। राजभवन किंकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में है। राजधानी लखनऊ भी अपराध से भयाक्रांत है। बख्शी का तालाब क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवपुरी में रण बाबा महादेव मंदिर के पुजारी फकीरे दास की लूट के बाद हत्या कर दी गई। पिछले दिनों लखनऊ के जानकीपुरम, हसनगंज और मड़ियांव में अपराधियों ने लोगों को डराने और वर्चस्व जताने के लिए घटनाएं कीं।
सपा अध्यक्ष ने कहा, कासगंज के गांव पिथुनपुर में 10 वर्षीय बालक लोकेश की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस सक्रिय होती तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। गोंडा में एमसीपीसी कालेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस के छात्र लोकेश की अपहरण के बाद निर्ममता से हत्या कर दी गई। इसके अलावा उन्होंने कई घटनाओं का जिक्र किया।