आशियाना पुलिस ने डांडिया नाइट के नाम पर जालसाजी व अमानत में खयानत के आरोप में दो आयोजकों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। नामजद सपना चौधरी से भी जल्द तहकीकात की जाएगी। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस को पता चला है कि दो लाख रुपये के झगड़े में सपना चौधरी कार्यक्रम में नहीं आई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्मृति उपवन में शनिवार रात प्रस्तावित डांडिया नाइट में कलाकार सपना चौधरी के न आने से आक्रोशित दर्शकों को तोड़फोड़ करते देख किसी तरह हालात काबू में किए गए। इसके बाद आशियाना की किला चौकी प्रभारी फिरोज खान की तरफ से शनिवार रात कलाकार सपना चौधरी व आयोजकों के खिलाफ जालसाजी और अमानत में खयानत की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक बालेश्वर प्रसाद ने नामजद गोमतीनगर बड़ी जुगौली निवासी रत्नाकर उपाध्याय व आलमबाग के छोटा बरहा निवासी अमित पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। इनके अलावा जुनेद अहमद, नवीन शर्मा, अमित पांडेय, रत्नाकर उपाध्याय, पहल इंस्टीट्यूट के इवाद अली आदि की तलाश की जा रही है।
दो लाख रुपये के विवाद में नहीं आईं सपना
सपना चौधरी
दोनों आयोजकों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि सपना चौधरी द्वारा कार्यक्रम में आने के लिए आठ लाख की मांग की गई थी और उन्हें छह लाख रुपये देना चाह रहे थे। दो लाख रुपये के विवाद में सपना चौधरी कार्यक्रम में नहीं आईं। विवेचक ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की है। आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर तहकीकात के साथ सपना चौधरी के कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर दस्तावेज देखे जाएंगे। इसके बाद सपना चौधरी से भी तहकीकात की जाएगी।
दर्शकों का आरोप है कि आयोजकों ने पांच सौ से तीन हजार रुपये तक के टिकट बेचकर लाखों रुपये वसूले। ऐनवक्त पर सपना चौधरी के न आने की जानकारी दी गई। उन्होंने रकम वापस दिलाने और कार्रवाई की मांग की है।
लखनऊ में नहीं था इवेंट: सपना
सपना चौधरी ने अपने चैनल पर एक वीडियो यू ट्यूब पर शेयर किया है। इसमें बताया है कि लखनऊ में डांडिया महोत्सव में भागीदारी करने आई हैं, एसिड अटैक सर्वाइवर्स से मिलेंगी और शॉपिंग भी करेंगी। शो को लेकर बिना आयोजकों का नाम लेकर कहा कि लखनऊ में आयोजन का उनका कोई इवेंट तय नहीं था। वे वहां नहीं जाती, जहां उन्हें बुलाया नहीं जाता। कई बार तय इवेंट को आयोजक खुद कैंसिल कर देते हैं, सोची-समझी चीजें होती हैं, कलाकार की ही गलती नहीं होती। इस दौरान उन्हाेंने अपने फॉलोअर्स के सवालों के जवाब भी दिए। इस वीडियो को एक दिन में 48 हजार बार देखा गया।