लखनऊ। राजधानी में आम के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। अब आप घर बैठे ‘मैंगोबाबा’ मोबाइल एप का इस्तेमाल करके कार्बाइड मुक्त मनपसंद आम सीधे किसान से मंगवा सकते हैं। शनिवार को लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के डायरेक्टर डॉ. शैलेंद्र राजन ने इस एप को लॉन्च किया। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते अभी आम की डिलीवरी सिर्फ राजधानी में ही की जाएगी। संक्रमण का असर खत्म हुआ तो 2021 से उत्तर प्रदेश समेत कई प्रदेशों में डिलीवरी की सुविधा शुरू की जाएगी। डायरेक्टर डॉ. राजन ने बताया कि एप के जरिए किसान सीधे ग्राहक से जुड़ जाएगा। इस एप के जरिए ग्राहक न सिर्फ आम का ऑर्डर दे सकता है बल्कि संस्थान के उद्यमियाें द्वार बनाए गए आम के विभिन्न उत्पादों को भी मंगवा सकता है। यही नहीं, आम की आपूर्ति चेन से जुड़े लोग विभिन्न स्थानों पर ऑफलाइन बिक्री भी कर सकेंगे। संस्थान इस एप का उपयोग करके मलिहाबाद की अनेक दुर्लभ आम की किस्मों की बिक्री के प्रयास में लगा है। यह अनोखी आम की किस्में लखनऊ के बाजारों में उपलब्ध नहीं है। ग्राहक निकट भविष्य में इन उम्दा किस्मों का स्वाद ले सकेंगे। फिलहाल ज्यादातर आम का व्यवसाय दशहरी, चौसा, लंगड़ा और लखनउवा के ऊपर निर्भर है।