सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव हुए साढ़े तीन साल होने को हैं लेकिन विरोधी करारी हार के सदमे से अभी उबर नहीं पाए हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार जिस तेजी से विकास एजेंडे को पूरा कर रही है उससे विरोधियों की बेचैनी और बढ़ती जा रही है। विपक्षी दलों को अपना भविष्य अंधकारमय दिखने लगा है।
इससे निराश होकर वे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का झूठा हौवा खड़ा करने में लगे हैं। चौधरी ने कहा कि सपा सरकार में कानून-व्यवस्था हमेशा प्राथमिकता पर रही है।
मुख्यमंत्री के साफ निर्देश हैं कि अपराध और अपराधियों पर कड़ाई से अंकुश रखा जाए।
इसके लिए दोषी अफसरों पर जहां कार्रवाई होती है, वहीं पुलिस विभाग को आधुनिक उपकरणों से लैस कर उन्हें हाईटेक बनाया जा रहा है।