भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वंशवाद और जातिवाद की विष बेल सूखने से विपक्ष बौखलाया हुआ है। इसीलिए वह भाजपा सरकारों पर अनर्गल आरोप लगा रहा है। जनता सच जानती है, इसलिए वह विपक्ष के बहकावे में आने वाली नहीं। स्वतंत्र देव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शनिवार को अवध और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के वेबिनार में बोल रहे थे।
स्वतंत्र देव ने कहा कि पिछली सरकारों में गरीब सरकारों के पीछे दौड़ते थे, अब मोदी के नेतृत्व में सरकार गरीबों के पास पहुंच रही है। प्रधानमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन करके शासन व प्रशासन की जवाबदेही तय की है। सरकारी मशीनरी गरीबों के घर पर पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान में प्राण-प्रण से जुटने का आह्वान किया। कहा कि लोगों को बताएं कि वे इस अभियान के तहत किस तरह खुद को आत्मनिर्भर बनाकर देश को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार हो सकते हैं।
चाणक्य की राह पर चल रहे मोदी : द्विवेदी
पद्मश्री डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने कहा कि मोदी चाणक्य की तरह देश को अखंड स्वरूप प्रदान करने में जुटे हैं। स्वामी विवेकानंद की तरह देश का नाम दुनिया में रोशन कर रहे हैं। राजा राममोहन राय की तरह सामाजिक सुधार के भी काम कर रहे हैं। वह इन सारे महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलकर देश को सोने की चिड़िया बनाना चाहते हैं। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि जब कोरोना ने पूरी दुनिया को थाम दिया है तब मोदी ने लोकल पर वोकल होने का आह्वान कर देश के आर्थिक ढांचे को नया स्वरूप प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया है। व्याख्यान माला में पार्टी के अवध क्षेत्र अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने भी हिस्सा लिया।