लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल ने इंटरनेशनल एकेडमिक काउंसलर के 50 पूर्णकालिक पदों पर भर्ती के लिए अपने व संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। चयन नोएडा स्थित ग्लोबल आर्कस–स्टडी इन इंडिया कंपनी करेगी। चयनितों को चार लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज मिलेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 23 जुलाई है।
प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि किसी भी विषय से स्नातक या स्नातकोत्तर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनितों की नियुक्ति कंपनी के नोएडा कार्यालय में होगी। उन्हें विद्यार्थियों और अभिभावकों को विदेश में उच्च शिक्षा के अवसरों पर परामर्श देना होगा। इसमें देश, पाठ्यक्रम और विश्वविद्यालय चयन में मार्गदर्शन शामिल है। प्रवेश और वीजा प्रक्रिया में सहायता प्रदान करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। साथ ही, उन्हें स्टडी-अब्रॉड कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करना होगा। यह भर्ती अभियान कुलपति जेपी सैनी के मार्गदर्शन में होगा।
आवेदन के लिए क्यूआर कोड स्कैन करें
चयनित अभ्यर्थियों को तीन माह की प्रोबेशन अवधि के दौरान 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। प्रोबेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद चार लाख रुपये वार्षिक का वेतन पैकेज दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के पास अंग्रेजी संप्रेषण और काउंसिलिंग कौशल होना चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड के जरिये गूगल फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी लविवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in के प्लेसमेंट सेल वाले विकल्प में दी गई है।