भुवनेश्वर में निशुल्क प्रशिक्षण का मौका
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर आया है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन और स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, भुवनेश्वर ने एक नया प्रोग्राम शुरू किया है। यह एम्प्लॉयमेंट लिंक्ड स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम है।
इसके तहत युवाओं को चार से पांच महीने का निशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही रहने और खाने की सुविधा भी दी जाएगी। सहायक सेवायोजन अधिकारी हिमांशु सिंह ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आईटीआई, पॉलीटेक्निक, स्नातक या परास्नातक युवा इसमें आवेदन कर सकते हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत निशुल्क प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। औद्योगिक वेल्डिंग के तहत तकनीकी और विनिर्माण क्षेत्र में जाने का मौका मिलेगा। ग्राहक संबंध प्रबंधन से निगम और सेवा क्षेत्र में भविष्य बनाने का अवसर है। भवन स्वचालन विशेषज्ञ स्मार्ट बुनियादी ढांचा और आधुनिक निर्माण तकनीक में अवसर देगा। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा बैंकिंग तथा वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में काम करने का मौका प्रदान करेगा। ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने के लिए इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार संगम पोर्टल के लिंक rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।