लखनऊ। दिल व वॉल्व की जुड़ी बीमारियों से पीड़ित बच्चों के ऑपरेशन की सुविधा एसजीपीजीआई में शुरू हो गई है। छह बेड का आईसीयू, 30 बेड का वार्ड और ऑपरेशन थियेटर चालू किया गया है।
सीवीटीएस विभाग के अध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल का कहना है कि बच्चों के दिल में छेद, वॉल्व में खराबी समेत कई जन्मजात रोग हो सकते हैं। कई बच्चों में तुरंत सर्जरी की जरूरत पड़ती है। इसके लिए 200 बेड का केंद्र बनाया जा रहा है, जिसमें आईसीयू के 100 बेड होंगे।
अभी छह बेड के आईसीयू, 30 बेड के वार्ड और ओटी की सुविधा दी जा रही है। इनमें हर महीने बच्चों के दिल से जुड़ी बीमारियों के 10 से ज्यादा ऑपरेशन किए जा रहे हैं। सेंटर में नवजात से 18 वर्ष की उम्र वालों के दिल में छेद, वॉल्व से जुड़ी समस्याओं का इलाज किया जाएगा।