केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने ऑपरेशन ब्लैक हॉक के तहत अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो अलग-अलग जगहों से तीन तस्करों से 18.6 किलोग्राम से अधिक कच्ची हेरोइन जब्त की है। तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीबीएन की टीम द्वारा हुंडई क्रेटा कार के फ्यूल टैंक में हिरोइन छिपाकर ला रहे दो तस्करों को बीते शुक्रवार बाराबंकी से पकड़ा गया है। अधिकारियों के मुताबिक दोनों तस्कर असम में पंजीकृत हुंडई क्रेटा कार के फ्यूल टैंक में वॉटरप्रूफ पैकेट में हिरोइन छिपाकर ला रहे थे, जिसे यूपी में खपाया जाना था। दोनों खुद को निर्दोष बताकर बचने का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि करीब 500 किमी के सफर में उन्होंने चार बार टैंक में फ्यूल भरवाया है। इस पर अधिकारियों को शक हुआ और गाड़ी को महानगर स्थित सीबीएन मुख्यालय लाकर टैंक खोला गया तो उसमें 16.48 किलो हिरोइन 25 वाटरप्रूफ पैकेट में बरामद हुई।
ये भी पढ़ें - मुख्यमंत्री योगी बोले, "जिनके इशारे पर स्कूलों के जर्जर भवन दिखाए जा रहे ये उन्हीं के स्मारक हैं"
ये भी पढ़ें - अयोध्या में मछली भोज: संत बोले- सनातन आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, प्रदेश अध्यक्ष से माफी की मांग की
बॉडी फ्रेम में बनाई कैविटी: इसी तरह सीबीएन यूपी इकाई द्वारा विकसित एक अन्य खुफिया जानकारी से पता चला कि सिलीगुड़ी-लखनऊ कॉरिडोर पर एक भारी ट्रक नशीले पदार्थों का परिवहन कर रहा है। सीबीएन टीमों ने कई टोल प्लाजा पर वाहन को ट्रैक किया और उसे बाराबंकी के पास रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक के बॉडी फ्रेम में बनी गुप्त कैविटी से 2.16 किलोग्राम कच्ची हेरोइन बरामद हुई। टीम ने ट्रक चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
नामचीन स्कूल के सामने हिरोइन बरामद: इसके अलावा सीबीएन की टीम ने बीती 20 अगस्त को अयोध्या रोड स्थित एक नामचीन स्कूल के सामने से 0.356 किलो हिरोइन बरामद की है। सीबीएन को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लखनऊ में डिलीवरी के लिए हेरोइन ले जा रहा है, जिसके बाद टीम ने उसे लखनऊ-बाराबंकी रोड पर एक स्कूल के पास बने ढाबे के सामने रोका। तलाशी में उसके पास से 0.356 किलोग्राम हेरोइन और एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई है।