मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अब तक कोविड-19 के 1.20 करोड़ से अधिक टेस्ट किए जाने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए हर स्तर पर सतर्कता व सावधानी बरती जाए। बचाव व उपचार के प्रभावी प्रबंध निरंतर जारी रखे जाएं।
मुख्यमंत्री सोमवार को लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लेवल-3 कोविड चिकित्सालयों में एसजीपीजीआई तथा लेवल-2 कोविड अस्पतालों में केजीएमयूे से वर्चुअल आईसीयू का संचालन किया जाए। इस व्यवस्था से दोनों चिकित्सा संस्थानों के वरिष्ठ चिकित्सक मरीजों के उपचार के संबंध में उचित परामर्श दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पूरी सक्रियता से कार्य करे। उन्होंने टेस्टिंग कार्य को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, मुख्य सचिव आरके तिवारी व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।