प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आठ मार्च को कोरोना टीकाकरण महिलाओं को समर्पित होगा। इस दिन तीन सत्रों में सिर्फ महिलाओं को टीका लगेगा। वहीं, टीकाकरण करने वाली टीम में भी सिर्फ महिलाएं ही होंगी। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सभी जिलाधिकारियों व मुख्य चिकित्साधिकारियों को आदेश जारी कर दिया है। टीकाकरण सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। सुबह 9 से 11 बजे तक प्री पंजीयन कराने वालों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की तर्ज पर टीकाकरण होगा।
अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि टीकाकरण के लिए केंद्र पर आने वालों को लौटाया नहीं जाएगा। ग्रामीण इलाके में इंटरनेट की समस्या होने पर संबंधित लाभार्थी की फोटो लेकर टीकाकरण किया जाएगा। जब इंटरनेट कनेक्टिविटी होगी तो डाटा अपलोड किया जाएगा।
महिला स्वास्थ्य कर्मी ही लगाएंगी महिलाओं को टीका
प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को कोरोना टीकाकरण महिलाओं को समर्पित होगा। सभी जिलों के तीनों केंद्रों पर सिर्फ महिलाओं को टीका लगेगा। टीकाकरण टीम में सिर्फ महिलाएं होंगी। अभियान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। सुबह 9 से 11 बजे तक प्री पंजीयन कराने वालों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की तर्ज पर टीकाकरण होगा।
स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स को दूसरी डोज भी मुफ्त
जिन स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर ने 4 व 5 फरवरी को निजी अस्पताल में मुफ्त में टीका लगवाया है, उन्हें दूसरी डोज भी मुफ्त में ही मिलेगी। मगर उन्हें निजी अस्पताल के बजाय जिला अस्पताल अथवा सरकारी अस्पताल जाना होगा। ऐसे लोगों को इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर की ओर से फोन पर अस्पताल बदलने की सूचना दी जाएगी।
गौरतलब है कि पहले सरकारी के साथ ही निजी अस्पतालों में भी मुफ्त में टीका लग रहा था। पर, अब निजी अस्पताल में इसके लिए 250 रुपये लिए जा रहे हैं। ऐसे में शासन ने तय किया है कि जिन लोगों को पहली डोज मुफ्त में दी गई है, उन्हें दूसरी भी डोज मुफ्त मे दी जाएगी। सिर्फ उनका अस्पताल बदल दिया जाएगा।
निजी अस्पतालों में सप्ताह में सिर्फ चार दिन टीकाकरण
निजी अस्पताल में सप्ताह में चार दिन टीकाकरण होगा। वहां स्वास्थ्य विभाग का एक नोडल ऑफिसर भी मौजूद रहेगा। इन अस्पतालों में तीन मार्च को दो सत्रों में टीकाकरण संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। निजी अस्पतालों को 100 के गुणांक में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए उन्हें सरकारी खाते में भुगतान करना होगा।