लखनऊ। जिले के सरकारी अस्पतालों में तैनाती के लिए पिछले दिनों 30 विशेषज्ञ डॉक्टर मिले थे, मगर इनमें से अभी तक केवल सात डॉक्टरों ने ही जॉइन किया है, जिनमें दो रेडियोलॉजिस्ट और पांच अन्य डॉक्टर हैं। हालांकि, जॉइनिंग के लिए विशेषज्ञों के पास अभी 15 दिन का मौका है।
ये विशेषज्ञ डॉक्टर एनएचएम की बिड के जरिये मिले थे। इनमें छह रेडियोलॉजिस्ट हैं। बेहोशी, ईएनटी, जनरल सर्जन के एक-एक डॉक्टर, पांच फिजिशियन, सात गाइनकोलॉजिस्ट, पांच बाल रोग विशेषज्ञ, दो अस्थि रोग विशेषज्ञ, एक-एक माइक्रोबॉयोलाजिस्ट व पैथोलॉजिस्ट हैं। इनमें से केवल दो रेडियोलॉजिस्ट ने ही जॉइन करने के लिए अभी तक हामी भरी है। एक को नियुक्ति पत्र देकर लोकबंधु अस्पताल भेज भी दिया गया, जबकि चिनहट सीएचसी के रेडियोलॉजिस्ट ने दस्तावेज जमा किया है।
इसके अलावा एक-एक फिजिशियन, जनरल सर्जन व बाल रोग विशेषज्ञ ने भी जॉइन कर लिया है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि डॉक्टराें के जॉइन करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई है। इससे पहले सभी डॉक्टरों को अपने दस्तावेज सीएमओ ऑफिस आकर जमा करने होंगे।