यूपी बोर्ड से जुड़े स्कूलों में परीक्षा के दौरान चेकिंग में एक बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। अब स्कूल के पुरुष शिक्षक परीक्षा के दौरान होने वाली चेकिंग में लड़कियों की चेकिंग नहीं कर सकेंगे। यह बदलाव इसी सत्र से लागू हो जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा में अब पुरुष शिक्षक छात्राओं की तलाशी नहीं ले सकेंगे। छात्राओं की जांच केवल महिला शिक्षिकाएं या महिला अधिकारी व कर्मचारी ही कर सकेंगी।
इसके लिए छात्राओं के कमरे में अनिवार्य रूप से शिक्षिकाओं की ड्यूटी बतौर कक्ष निरीक्षक लगाने के साथ उड़ाका दल में महिलाओं को भी रखा जाएगा। प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया है।
देश के किसी भी बोर्ड परीक्षा से यूपी बोर्ड परीक्षा काफी बड़ी होती है। इसमें लाखों की संख्या में छात्राएं परीक्षा देती हैं। अक्सर यह शिकायतें मिलती रहती हैं कि पुरुष शिक्षक भी छात्राओं की तलाशी लेते रहते हैं।