इकौना तहसील में पीड़ितों की फरियाद सुनते डीएम व एसपी।
श्रावस्ती। जिले की तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान आए कुल 192 में से महज 15 मामलों का निस्तारण ही मौके पर हुआ। शेष को निस्तारित करने के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
भिनगा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने की। यहां एसपी घनश्याम चौरसिया भी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि गंभीरता से शिकायतें सुन कर निष्पक्ष जांच कर तय समय में उनका निस्तारण करें। उन्होंने चकमार्गों, सार्वजनिक जमीनों, चरागाह व आबादी की जमीनों पर अतिक्रमण मिलने पर राजस्व कर्मियों पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। यहां आए कुल 32 मामलों में पांच का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। वहीं इकौना में 126 मामले आए, उनमें से आठ मामलों का निस्तारण किया गया। जबकि जमुनहा में 35 मामले आए। जिसमें से मात्र दो मामलों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर भिनगा में एसडीएम पीयूष जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।