उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने विधान सभा कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों पर व्यापक चर्चा हुई।
नन्दी ने कहा कि सरकारी कार्यो के निष्पादन के दौरान विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों द्वारा सामाजिक दूरी का पालन किया जाए तथा कार्यालयों में बराबर सेनीटाइजेशन किया जाए, साथ ही न्यूनतम स्टाफ के साथ कार्य सम्पादित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अरबी फारसी मदरसों में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं के कक्षा-01 से कक्षा-11 तक के बच्चों को आटोप्रमोट करने की कार्यवाही तत्काल अमल में लायी जाए। इस हेतु आवश्यक शासकीय अनुमति प्रदान कर दी गयी है।
अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री ने कहा कि मदरसों में ऑनलाइन शिक्षा हेतु अन्य बोर्डों से तालमेल स्थापित करते हुए मदरसा शिक्षा बोर्ड में भी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मदरसा विनियमावली में संशोधन की कार्यवाही पूरी कराई जाए
मदरसा विनियमावली में सुधार हेतु संशोधन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि अरबी फारसी मदरसों में नियुक्त शिक्षकों/शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, अनुदेशकों को समय से वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
मदरसा शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यमों का प्रयोग करते हुए कोरोना महामारी से बचाव हेतु मदरसे के छात्र/छात्राओं तथा उनके परिवार वालों को जागरूक करें तथा बच्चों के शिक्षा हेतु सम्भव प्रयास अमल में लाएं।
नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत शिक्षा व स्वास्थ्य हेतु पूर्ण की परियोजनाओं को विभाग को हस्तांतरित व क्रियाशील के सम्बन्ध में सम्बंधित विभागों के साथ समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही अमल में लाई जाए।
उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक वित्तीय एवं विकास निगम लि० के ऋण योजनाओं के तहत ऋण वितरण की कार्यवाही हेतु एक निश्चित समय-सीमा में यथाशीघ्र कार्यवाही की जाए।
सुदृढ़ीकरण हेतु सभी आवश्यक कदम उठाएं जाए
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वक्फ विकास निगम लि० के सुदृढ़ीकरण हेतु सभी आवश्यक कदम उठाएं जाए। विभाग के माध्यम से सम्भव रोजगार के सृजन के अवसर पर एक कार्ययोजना बनाकर उस पर तत्काल कार्यवाही की जाए।
विभिन्न विभागों की योजनाओं में अल्पसंख्यक समुदाय को मिले लाभों का भी विवरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं। इस दौरान बैठक में श्री मनोज सिंह, प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, श्रीमती आभा गुप्ता, विशेष सचिव,श्री जे0 पी0 सिंह, श्री एस० एन० पाण्डेय, संयुक्त निदेशक, श्री आर० पी० सिंह, संयुक्त निदेशक मौजूद रहे।