गोमतीनगर विस्तार में शातिर ने फौजी के पिता को बरगलाकर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 50 हजार रुपये पार कर दिए। इसके अलावा इंदिरानगर में निजी कॉलेज के प्रबंधक के एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर उनके खाते से भी पचास हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ितों ने संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज करा दी है।
गोमतीनगर विस्तार के रामआसरे का पुरवा निवासी नारायण सिंह धोनी ने बताया कि उनका बेटा चंद्रशेखर सिंह जम्मू में तैनात है। उसका खाता भारतीय स्टेट बैंक में है जिसका एटीएम कार्ड नारायण सिंह धोनी ही इस्तेमाल करते हैं। तीन जुलाई की शाम नारायण सिंह धोनी रुपये निकालने के लिए देवा पैलेस स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ पर गए थे। वहां एक बदमाश मिला जिसने मशीन से रुपया न निकलने की बात कही। उसने कहा कि एटीएम कार्ड घिसना पड़ेगा तभी रुपया निकलेगा।
बदमाश ने नारायण सिंह के हाथ से कार्ड लेकर उसे घिसा और वापस कर दिया। नारायण सिंह ने कार्ड मशीन में लगाया पर रुपया नहीं निकला। वह घर गए और बेटे को फोन कर इसकी जानकारी दी। यह सुनते ही चंद्रशेखर के होश उड़ गए। उसने बताया कि खाते से तो 50000 रुपये निकल चुके हैं। नारायण सिंह ने कार्ड देखा तब उन्हें ठगी का पता चला। शातिर ने उनका कार्ड बदलकर किसी प्रवीश के नाम का कार्ड थमा दिया था। इसी तरह इंदिरानगर के सेक्टर 10 राजीवनगर निवासी अजीज खान के इंडियन बैंक बाराबंकी स्थित खाते से 11 सितंबर को 50,000 रुपये निकल गए। अजीज खान एक निजी इंटर कॉलेज में प्रबंधक हैं। उनका आरोप है कि ठगों ने कार्ड का क्लोन बनाकर रुपया निकाला है।