लखनऊ। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची बृहस्पतिवार को जारी कर दी जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन आपत्तियां एक सप्ताह तक ली जाएंगी। इस बार परीक्षा में 1,00,016 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें कक्षा 10 के 52,290 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट के 46,030 परीक्षार्थी हैं। वहीं इंटरमीडिएट के लिए प्राइवेट फॉर्म भरने वाले 1359 परीक्षार्थी हैं और 10वीं के 337 परीक्षार्थी हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र पांडेय ने बताया कि इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या पिछली बार की अपेक्षा अधिक रहेगी। पिछली बार एक लाख एक हजार परीक्षार्थियों पर जेल सहित 121 परीक्षा केंद्र बने थे। इस बार ये संख्या 124 होगी। बता दें कि इस बार यूपी बोर्ड परीक्षाएं विधानसभा चुनाव से पहले शुरू होंगी। बोर्ड की ओर से परीक्षा की तिथि 5 फरवरी से 24 फरवरी तक निर्धारित की गई है। परीक्षा दो पालियों में होगी। परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित है। वहीं, परीक्षा में जिन शिक्षकों की ड्यूटी लगनी है उनका भी ब्योरा विभाग ने मांग लिया है।